top haryana

Manisha Death Case: आज होगा मनीषा का अंतिम संस्कार, CBI जांच की मांग सरकार ने मानी

Manisha Death Case: हरियाणा के भिवानी जिले की मनीषा की मौत को लेकर चल रहे विवाद और धरने के बाद अब मामला शांत होता दिख रहा है, आज मनीषा का अंतिम संस्कार किया जाएगा, आइए जानें पूरी खबर... 
 
आज होगा मनीषा का अंतिम संस्कार
WhatsApp Group Join Now

Top Haryana, Manisha Death Case: आज सुबह 8 बजे मनीषा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव ढाणी लक्ष्मण में किया जाएगा। यह फैसला तब लिया गया जब सरकार ने परिवार की दोनों प्रमुख मांगों को मान लिया है।

परिवार की मांगें मानी गईं

मनीषा के दादा रामकिशन ने बताया कि सरकार ने उनकी दोनों मांगें मान ली हैं इसलिए वे अब बेटी का अंतिम संस्कार करना चाहते हैं। वहीं किसान नेता सुरेश कोथ ने भी पुष्टि की कि गुरुवार सुबह 8 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांव में चल रहा धरना जो मंगलवार से शुरू हुआ था अब खत्म कर दिया गया है।

तीसरी बार हुआ पोस्टमार्टम

मनीषा के शव का तीसरी बार पोस्टमार्टम बुधवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में किया गया। करीब दो घंटे तक चले इस पोस्टमार्टम के लिए शव को भिवानी से दिल्ली ले जाया गया था।

परिवार के तीन सदस्यों को भी पुलिस एस्कॉर्ट में साथ भेजा गया। इससे पहले भिवानी और रोहतक PGI में पोस्टमार्टम हो चुका था लेकिन परिवार को संतोष नहीं मिला इसलिए तीसरी बार दिल्ली में जांच करवाई गई।

मुख्यमंत्री ने दी CBI जांच की जानकारी

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बुधवार सुबह अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के जरिए जानकारी दी कि मनीषा केस की जांच अब CBI को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन मामले में गंभीरता और पारदर्शिता से काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद इस केस की रिपोर्ट लगातार ले रहे हैं और पूरा न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

महिला आयोग और राजनेताओं की प्रतिक्रिया

हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणू भाटिया ने बुधवार को ढिगावा गेस्ट हाउस से परिवार से फोन पर बात की और अंतिम संस्कार के लिए आग्रह किया।कांग्रेस विधायक और पूर्व रेसलर विनेश फोगाट ने कहा कि मनीषा उनकी बहन जैसी है और वे उसे न्याय दिलाकर रहेंगे।

गांव में अभी भी हाई अलर्ट

भले ही गांव में धरना खत्म हो गया है, लेकिन पुलिस अभी भी सतर्क है। गांव के चारों ओर नाकाबंदी की गई है और सुरक्षा के लिए दंगा रोकू वाहन, रैपिड एक्शन फोर्स और तीन जिलों की पुलिस तैनात है।

गांव के बंद रास्तों को खोलने के लिए JCB मशीन मंगाई गई है। इसके अलावा भिवानी और चरखी दादरी जिलों में इंटरनेट सेवा मंगलवार से बंद कर दी गई है जो गुरुवार सुबह 11 बजे तक जारी रहेगी।