Breaking News: माता वैष्णो देवी यात्रा के लिए श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, रोडवेज बस सेवा फिर से शुरू, जानें टाइम टेबल

Breaking News: हरियाणा के जींद जिले से श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है...
 

Top Haryana: पिछले दिनों पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से जींद से कटरा तक जाने वाली रोडवेज बस को रोकना पड़ा था। उस दौरान बस केवल जालंधर तक ही चलाई जा रही थी।

बाद में स्थिति में थोड़ा सुधार आने पर बस का संचालन जम्मू तक शुरू किया गया। अब हालात सामान्य होने के बाद यह बस पहले की तरह सीधे कटरा तक चलने लगी है।

जींद से कटरा बस का शेड्यूल

जींद बस स्टैंड से कटरा के लिए यह रोडवेज बस रोजाना सुबह 5:50 बजे रवाना होती है। यह बस नरवाना, संगरूर और लुधियाना होते हुए करीब 13 घंटे का सफर तय करती है और शाम 7 बजे कटरा पहुंचती है।

जींद से कटरा की दूरी लगभग 575 किलोमीटर है। इस सफर के लिए प्रति यात्री किराया 750 रुपये तय किया गया है।

वापसी का रूट अलग

कटरा से वापसी में यह बस अगले दिन सुबह 5 बजे रवाना होती है। हालांकि वापसी के समय यह बस जींद बस स्टैंड नहीं आती बल्कि पानीपत होते हुए दिल्ली जाती है। इस कारण दिल्ली या पानीपत जाने वाले यात्रियों को भी यह बस सुविधा देगी।

श्रद्धालुओं को बड़ी राहत

श्री माता वैष्णो देवी का मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र है। जींद और आसपास के जिलों से हर साल बड़ी संख्या में लोग माता के दर्शन के लिए कटरा जाते हैं। ऐसे में बस सेवा रुकने से उन्हें परेशानी हो रही थी। अब जब कटरा तक बस का संचालन दोबारा शुरू हो गया है तो श्रद्धालुओं को निश्चित रूप से राहत मिलेगी।

प्रशासन का बयान

जींद रोडवेज डिपो के डीआई जसमेर खटकड़ ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश और भूस्खलन की वजह से बस पहले जालंधर तक और बाद में जम्मू तक ही चल रही थी।

लेकिन अब मौसम सामान्य होने के बाद इसे फिर से कटरा तक शुरू कर दिया गया है। इससे माता वैष्णो देवी यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधा फायदा मिलेगा।