Today Haryana Weather: हरियाणा में बारिश का दौर जारी, अगले तीन दिन तक जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल

Top Haryana: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार आज 6 अगस्त को हरियाणा के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
खासकर कुरुक्षेत्र, करनाल, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह 10 बजे तक अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में तेज बारिश हो सकती है। मानसून की यह रिमझिम बारिश त्योहारी माहौल को और भी सुहाना बना रही है।
बरसात का आंकड़ा सामान्य से ऊपर
मौसम विभाग का कहना है कि इस बार हरियाणा में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। 5 अगस्त तक औसतन जहां 233 मिलीमीटर (एमएम) बारिश होनी चाहिए थी वहीं अब तक 281 एमएम बारिश हो चुकी है।
यानी राज्य में 21% ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है। यमुनानगर में सबसे ज्यादा 585.9 एमएम बारिश हुई है, जबकि महेंद्रगढ़ में 543.9 एमएम वर्षा हुई है। इसके विपरीत कैथल जिले में सबसे कम केवल 143.9 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
6 से 9 अगस्त तक मौसम का हाल
6 अगस्त को मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद और कैथल में 0 से 25% तक बारिश की संभावना है। वहीं कुरुक्षेत्र, रोहतक, झज्जर और रेवाड़ी में 25 से 50% तक बारिश हो सकती है।
अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में बारिश की संभावना 50 से 75% तक जताई गई है।
7 अगस्त से बारिश में हल्की कमी
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 7 अगस्त से बारिश की रफ्तार कुछ कम हो सकती है। इस दिन सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, जींद, कैथल, पानीपत और सोनीपत में मौसम साफ रह सकता है। हालांकि अन्य जिलों में 0 से 50% तक बारिश हो सकती है।
8 और 9 अगस्त को भी रहेंगे बादल मेहरबान
8 और 9 अगस्त को भी हरियाणा के कई जिलों में बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों में भी कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं जिससे तापमान में गिरावट बनी रहेगी और मौसम खुशनुमा रहेगा।