Haryana Today Weather: हरियाणा में मानसून का कहर, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

Top Haryana: हरियाणा लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों की जिंदगी को मुश्किल में डाल दिया है। खासतौर पर हरियाणा, पंजाब और एनसीआर (दिल्ली-एनसीआर) के इलाकों में बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जलभराव, फसलें डूबना, मकानों का गिरना और सड़कें बंद होने की खबरें सामने आ रही हैं।
फरीदाबाद में फसलें डूबीं
फरीदाबाद में यमुना नदी का पानी खेतों में घुस गया है जिससे लगभग 50 एकड़ में खड़ी फसलें पानी में डूब गई हैं। कुछ जगहों पर मकान गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। वहीं गुरुग्राम प्रशासन ने एहतियात के तौर पर वर्क फ्रॉम होम के आदेश जारी किए हैं। यहां स्कूलों को ऑनलाइन मोड में कर दिया गया है ताकि बच्चों की पढ़ाई पर असर न पड़े।
इन जिलों में हो रही लगातार बारिश
3 सितंबर की सुबह से ही हरियाणा के हिसार, पानीपत, यमुनानगर, करनाल, जींद, झज्जर और चरखी दादरी में रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। इसके चलते भिवानी, हिसार, सिरसा, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और पंचकूला के कुछ स्कूलों को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
नदियां खतरे के निशान पर
बरसात के चलते नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कुरुक्षेत्र में मारकंडा नदी खतरे के निशान पर बह रही है। वहीं, यमुनानगर स्थित हथिनी कुंड बैराज पर मंगलवार सुबह 6 बजे 2 लाख 7 हजार 721 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। इससे आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
4 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा
हिसार के चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार, मानसून की टर्फ उत्तर की तरफ बनी हुई है जिससे प्रदेश में बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है जिससे 2 और 3 सितंबर को भारी बारिश के आसार हैं। हालांकि 4 सितंबर से बारिश की गति थोड़ी धीमी पड़ने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
3 सितंबर को अंबाला और यमुनानगर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पंचकूला, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश की संभावना बनी हुई है।
वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत और हिसार में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। सिरसा और फतेहाबाद में हल्की बारिश के आसार हैं।
लोगों को सलाह
प्रशासन की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की ताज़ा जानकारी पर ध्यान दें और अनावश्यक बाहर न निकलें। बाढ़ संभावित इलाकों से दूर रहें और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर रखें। किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे फसलों को बचाने के लिए जरूरी कदम उठाएं।