Haryana Today Weather: हरियाणा में मानसून का दौर जारी, 16 जिलों में अलर्ट जारी, जानें आज कहां- कहां होगी बारिश

Top Haryana: हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। 30 जुलाई को सुबह से ही राज्य के कई जिलों में बारिश देखने को मिली।
पानीपत, हिसार, फतेहाबाद, कैथल, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और नारनौल में सुबह बारिश हुई जबकि दोपहर में झज्जर में भी पानी गिरना शुरू हो गया। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है।
16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने हरियाणा के 16 जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें हिसार, फतेहाबाद, करनाल, जींद, पानीपत, कैथल, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, रोहतक, सोनीपत, सिरसा, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला शामिल हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में 1 अगस्त तक लगातार बारिश हो सकती है। अगले दो दिन लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जलभराव से परेशानी, दो जिलों में हालात खराब
लगातार हो रही बारिश की वजह से कुछ जिलों में सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। वाहन चालकों को खासकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा जल निकासी के लिए काम किया जा रहा है लेकिन बारिश की गति से राहत मिलती नहीं दिख रही।
अब तक औसत से ज्यादा बारिश
हरियाणा में इस बार मानसून सामान्य से थोड़ी तेज रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से 30 सितंबर तक के मानसून सीजन में औसतन 438 मिमी बारिश होती है। अभी तक राज्य में करीब 219 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य के मुकाबले 12% अधिक है।
राज्य के 6 जिलों में बहुत अधिक बारिश हुई है, 5 जिलों में सामान्य से ज्यादा, 3 जिलों में सामान्य और 8 जिलों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नहरों, तालाबों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जरूरी कामों के लिए ही घर से बाहर निकलें और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें।