Haryana-Punjab water dispute: पंजाब के वाहनों पर रोक, अभय चौटाला ने दी चेतावनी, नहीं मिला पानी तो...

Top Haryana: हरियाणा और पंजाब के बीच पानी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों राज्यों के नेता इस मुद्दे पर एक-दूसरे को जमकर घेर रहे हैं। अब इस विवाद में इनेलो (इंडियन नेशनल लोकदल) के नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने पंजाब सरकार को चेतावनी दी है कि अगर हरियाणा को 25 मई तक उसका पानी नहीं मिला, तो पंजाब के सरकारी वाहनों की हरियाणा में एंट्री रोक दी जाएगी।
क्या है विवाद?
हरियाणा और पंजाब के बीच पानी के बंटवारे को लेकर लंबे समय से तनातनी चल रही है। हरियाणा का कहना है कि उसे उसके हिस्से का पानी नहीं दिया जा रहा जबकि पंजाब सरकार कहती है कि उनके पास खुद ही पानी की कमी है, इसलिए वो अतिरिक्त पानी नहीं दे सकते।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में साफ कहा था कि पंजाब हरियाणा को और पानी नहीं देगा। इस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पलटवार करते हुए इसे आम आदमी पार्टी (AAP) की "ओछी राजनीति" बताया।
यह भी पढ़ें- Haryana news: हरियाणा में HKRN के जरिए ड्राइवर और कंडक्टर के पदों पर भर्ती, जानें कैसे करें आवेदन
अभय चौटाला की चेतावनी
इसी मुद्दे पर अब इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा है कि अगर 25 मई तक हरियाणा को उसका हक का पानी नहीं मिला, तो पंजाब के किसी भी सरकारी वाहन को हरियाणा में घुसने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शुरुआत में यह रोक एक दिन के लिए होगी, लेकिन अगर इसके बाद भी पानी नहीं मिला तो यह विरोध आगे भी जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो पंजाब के हर वाहन को रोका जाएगा।
बीजेपी सरकार पर निशाना
अभय चौटाला ने हरियाणा की बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार कमजोर है और दिल्ली से चल रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कई बार कह चुके हैं कि हरियाणा को उसके हिस्से का पानी दिलवाया जाएगा पर अब तक कुछ नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि अगर पंजाब वाले हमारे पानी को रोक सकते हैं, तो हम भी उनके वाहनों को रोकने का हक रखते हैं। यह लड़ाई हरियाणा के हक की है और इसे कमजोर सरकार नहीं लड़ पा रही।
इनेलो का राज्यपाल से आग्रह
अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने बताया कि एक बार जब हरियाणा का एक चीफ इंजीनियर पंजाब गया था तो वहां उसे बंधक बना लिया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पार्टियां मौके के अनुसार बयान बदलती हैं और हरियाणा के लोगों के हितों की अनदेखी कर रही हैं। अब इनेलो राज्यपाल से मांग करेगी कि वे इस मामले में दखल करें और हरियाणा सरकार पर दबाव डालें ताकि लोगों को पानी मिल सके।
यह भी पढ़ें- Haryana news: हरियाणा में सरकार खरीदेगी पंचायत की जमीन, बनेगें ऑक्सीजन पार्क और भूमि बैंक