Haryana news: लेह-लद्दाख में हरियाणा का जवान शहीद, घर पहुंचा पार्थिव शरीर

Top Haryana: हरियाणा के कैथल जिले के गांव कवारतन के रहने वाले जवान संजय सिंह सैनी (39 वर्ष) लेह-लद्दाख में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। वह सेना की 10 सिख रेजिमेंट में तैनात थे। शहीद का पार्थिव शरीर अब उनके पैतृक गांव पहुंच चुका है। कुछ ही देर में उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
2004 में सेना में भर्ती, 20 साल की सेवा
संजय सिंह सैनी साल 2004 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। अगले साल 2005 में उनकी ट्रेनिंग शुरू हुई। तब से लेकर अब तक उन्होंने लगातार देश सेवा की। उन्हें सेना में सेवा करते हुए 20 साल पूरे हो चुके थे। परिवार के लोग कई बार उन्हें रिटायरमेंट लेने की सलाह देते थे लेकिन संजय हमेशा कहते थे कि अभी उनके दो साल और बचे हैं और वह देश की सेवा करना चाहते हैं।
मौसम की मार से गई जान
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले लेह-लद्दाख में मौसम काफी खराब हो गया था। कड़ाके की ठंड के साथ तूफान भी आया था। इसी दौरान संजय सिंह की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सिर में चोट लगी और खून जम गया। इसी वजह से शरीर में रक्त का प्रवाह रुक गया और उनकी जान चली गई। यह हादसा ड्यूटी के दौरान हुआ, जिससे वह वीरगति को प्राप्त हो गए।
परिवार में छाया मातम
संजय सिंह सैनी अपने पीछे पत्नी, दो बेटे, बूढ़ी मां और बड़ा भाई छोड़ गए हैं। उनके पिता का तीन महीने पहले ही निधन हो गया था। परिवार पर अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों की हालत बेहद खराब है। पूरे गांव में मातम का माहौल है और हर आंख नम है। संजय सिंह को गांव में बहादुर और देशभक्त के रूप में जाना जाता था।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
बुधवार दोपहर को शहीद संजय सिंह का पार्थिव शरीर हेलिकॉप्टर से चंडीगढ़ पहुंचा और वहां से सड़क मार्ग से उनके गांव लाया गया। गांव पहुंचते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई अपने इस वीर सपूत की एक झलक पाने को आतुर था। अब थोड़ी ही देर में उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। सैनिक सलामी दी जाएगी और शोक की ध्वनि के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।