SYL Canal Dispute: आज फिर आमने-सामने होंगे पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्री, दिल्ली में अहम बैठक

SYL Canal Dispute: सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर को लेकर एक बार फिर पंजाब और हरियाणा सरकार आमने-सामने बैठने जा रही हैं, आइए जानें पूरी खबर...
 

Top Haryana: सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर को लेकर  लंबे समय से चले आ रहे विवाद को सुलझाने के लिए मंगलवार को दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री दिल्ली में बैठक करेंगे। यह बैठक शाम 4 बजे केंद्र सरकार के सामने होगी जिसमें दोनों राज्यों की सरकारें अपने-अपने पक्ष रखेंगी और हल निकालने की कोशिश करेंगी।

हरियाणा सीएम की तैयारी और बैठक से पहले की चर्चा

हरियाणा की तरफ से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बैठक में शामिल होंगे। उनके साथ मुख्य सचिव और सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। बैठक से पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे हरियाणा भवन में प्रदेश के बीजेपी सांसदों के साथ एक बैठक करेंगे।

जिसमें एसवाईएल नहर और अन्य जरूरी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार के सामने हरियाणा का पक्ष मजबूती से रखना है।

पिछली बैठक में दिखी थी सकारात्मकता

जानकारी के अनुसार इससे पहले 9 जुलाई को दिल्ली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बीच इसी मुद्दे पर बैठक हुई थी। उस बैठक में कुछ सकारात्मक बातें सामने आई थीं।

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा था कि अगर पंजाब को रावी और चिनाब नदियों से पानी मिलता है तो वे हरियाणा को पानी देने के लिए सहयोग करने को तैयार हैं। इस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री ने आशा जताई थी कि दोनों राज्यों के बीच यह विवाद जल्द खत्म होना चाहिए।

क्या है एसवाईएल नहर विवाद?

एसवाईएल नहर का उद्देश्य सतलुज और यमुना नदियों को जोड़कर पंजाब और हरियाणा को बराबर मात्रा में पानी देना है। लेकिन यह मुद्दा सालों से विवादों में घिरा हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने 2002 में हरियाणा के पक्ष में फैसला सुनाया था और पंजाब को नहर बनाने का निर्देश दिया था।

लेकिन 2004 में पंजाब सरकार ने उस समय के जल समझौते को रद्द कर दिया जिससे विवाद और बढ़ गया। इसके बाद से नहर का निर्माण अधर में लटका हुआ है।