Pm Kisan Yojana: हरियाणा के किसानों को मिली बड़ी राहत, खातों में पहुंचे 353 करोड़ रुपये
Top Haryana: हरियाणा के किसानों के लिए एक अच्छी खबर आई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत राज्य के 16 लाख 77 हजार किसानों के खातों में कुल 353 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई है।
इस योजना के तहत किसानों को साल में तीन बार 2-2 हजार रुपये की किस्तें दी जाती हैं। ये पैसा सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता है ताकि उन्हें खेती के लिए आर्थिक मदद मिल सके।
पंचकूला में हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम
इस अवसर पर पंचकूला में एक बड़ा राज्य स्तरीय समारोह "पीएम किसान उत्सव दिवस" के रूप में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उनके साथ राज्य के कई कैबिनेट मंत्री और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किसानों को संबोधित किया गया संदेश भी लाइव दिखाया गया जिसे सभी ने ध्यान से सुना।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का किया धन्यवाद
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दी गई यह 20वीं किस्त सिर्फ पैसों की मदद नहीं है बल्कि यह देश के अन्नदाताओं के प्रति उनके विश्वास और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प को दोहराता है।
जिसमें उन्होंने किसानों की भलाई को सबसे ऊपर रखा है। मुख्यमंत्री ने सभी किसानों की ओर से प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया और कहा कि इस सहायता से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
विकसित भारत का सपना किसानों की खुशहाली से होगा पूरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने का संकल्प लिया है। इसके लिए उन्होंने चार स्तंभों पर विशेष ध्यान देने की बात कही है किसान, गरीब, महिलाएं और युवा। इन चारों में सबसे अहम भूमिका किसानों की मानी गई है। किसानों की तरक्की और समृद्धि से ही देश का विकास संभव है।
हरियाणा सरकार का निरंतर प्रयास
हरियाणा सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए नई तकनीक सुविधाएं और योजनाएं लागू की जा रही हैं।
केंद्र सरकार की योजनाओं को राज्य में सही तरीके से लागू किया जा रहा है ताकि किसानों को इनका पूरा लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार किसानों को मजबूत करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।