Haryana News: हरियाणा में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत, जानें किसे मिलेगा फायदा

Haryana News: हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रही है और इसी दिशा में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान शुरू किया जाएगा...
 

Top Haryana News: हरियाणा में इस अभियान की शुरुआत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संयुक्त रूप से रोहतक से करेंगे। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मध्य प्रदेश से इस राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ करेंगे।

स्वास्थ्य जांच के लिए कियोस्क और शिविर

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय परिसर में विशेष स्वास्थ्य कियोस्क लगाए जाएंगे, जहां महिलाओं की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच की जाएगी।

इसमें उच्च रक्तचाप, कैंसर, एनीमिया और जीवनशैली से संबंधित बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इस पहल के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने बताया कि इस अभियान के दौरान प्रदेशभर में 122 विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत चिकित्सा, त्वचा रोग और मानसिक स्वास्थ्य जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक शिविर में लगभग 300 मरीजों की जांच का लक्ष्य रखा गया है।

विशेष सेवाएं और सुविधाएं

अभियान के तहत प्रदेशभर में 75 हजार चश्मे मुफ्त में बांटे जाएंगे। साथ ही 75 नए ओबेसिटी क्लिनिक शुरू किए जाएंगे और 138 ब्लड बैंकों में 696 रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में रोजाना 50 से 100 मरीजों की स्क्रीनिंग करने का भी लक्ष्य है। स्वास्थ्य संस्थानों में 50 हजार पौधे लगाए जाएंगे और व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग की भूमिका

इस अभियान में महिला एवं बाल विकास विभाग भी सक्रिय रूप से जुड़ा रहेगा। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार, पोषण जागरूकता और निवारक देखभाल के लिए पोषण अभियान और विशेष टीकाकरण सप्ताह जैसी गतिविधियां भी चलाइ जाएगी।