Haryana news: हरियाणा में तीन कॉलेजों के नाम बदले गए, जानें इसके पीछे की असली वजह

Haryana news: हरियाणा सरकार ने प्रदेश के इन तीन प्रमुख कॉलेज के नाम बदल दिए है, आइए जानें क्यों...
 

Top Haryana: हरियाणा सरकार ने प्रदेश के तीन कॉलेजों के नाम बदलने का फैसला लिया है। यह फैसला शहीदों और आजाद हिंद फौज के स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने के उद्देश्य से लिया गया है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इन नाम परिवर्तनों को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने इसकी जानकारी दी।

भिवानी के महिला कॉलेज का नामकरण
भिवानी जिले के बवानीखेड़ा में स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय का नाम अब स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर शम्भु सिंह के नाम पर होगा। ठाकुर शम्भु सिंह आजाद हिंद फौज के वीर सेनानी रहे हैं जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना योगदान दिया था।

शहीद गजेंद्र सिंह के नाम पर कॉलेज
भिवानी जिले के ही खरक गांव में स्थित राजकीय महाविद्यालय खरक का नाम अब शहीद गजेंद्र सिंह के नाम पर रखा गया है। गजेंद्र सिंह सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 134 बटालियन में सहायक कमांडेंट थे।

7 मार्च 2018 को छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र काकेर जिले के नातला आरक्षित वन क्षेत्र में नक्सलियों से लड़ते हुए वह वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी बहादुरी को देखते हुए उन्हें 26 जनवरी 2021 को वीरता मेडल से सम्मानित किया गया था।

रोहतक के कॉलेज को भी नया नाम
रोहतक जिले के सांपला में स्थित राजकीय महाविद्यालय सांपला का नाम अब शहीद राय सिंह के नाम पर होगा। राय सिंह 20 नवंबर 2016 को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे।

सरकार का उद्देश्य
हरियाणा सरकार का कहना है कि यह फैसला उन वीरों के सम्मान में लिया गया है जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि सरकार का यह कदम शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ युवाओं को प्रेरणा देने का भी काम करेगा।