Haryana news: हरियाणा के अग्रोहा में बनेगा अत्याधुनिक संग्रहालय, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान
Top Haryana: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऐलान किया है कि अग्रोहा में एक अत्याधुनिक संग्रहालय बनाया जाएगा। इस संग्रहालय में उन सभी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक अवशेषों को रखा जाएगा जो खुदाई के दौरान निकले हैं। इसका उद्देश्य न सिर्फ इन धरोहरों को सुरक्षित रखना है, बल्कि लोगों को अग्रोहा की गौरवशाली विरासत से परिचित कराना भी है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक
सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई, जिसमें अग्रोहा के पुरातात्विक विकास पर चर्चा की गई। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, असीम गोयल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संग्रहालय के बनने से आसपास के लोग और पर्यटक, अग्रोहा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से देख सकेंगे। इससे उनकी जानकारी बढ़ेगी और उन्हें एक नया अनुभव भी मिलेगा।
पर्यटन स्थल के रूप में अग्रोहा का विकास
सरकार का उद्देश्य अग्रोहा को सिर्फ एक धार्मिक स्थल तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उसे एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि हिसार अग्रोहा मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी इस दिशा में काम करेगी और एक विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।
इस प्लान के तहत न केवल संग्रहालय का निर्माण होगा, बल्कि अग्रोहा के आसपास के पुरातात्विक टीलों की जियो टैगिंग भी की जाएगी ताकि उन्हें संरक्षित क्षेत्र घोषित किया जा सके।
खुदाई और सर्वेक्षण का काम जारी
अग्रोहा की ऐतिहासिकता को ध्यान में रखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और हरियाणा राज्य पुरातत्व विभाग ने मिलकर यहां खुदाई का काम शुरू किया है। लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में खुदाई हो रही है।
इससे पहले ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार तकनीक से संभावित स्थानों की पहचान की गई थी। अब वहां से निकले अवशेषों को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित रखा जाएगा और संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा।