Sucess Story: ऑटो चलाते है पिता और बेटी ने बिना कोचिंग पास की PCS परीक्षा,बनीं SDM,जानें कौन हैं आयशा अंसारी
MPPSC PCS 2022 Topper: एमपी राज्य सेवा 2022 में आयशा अंसारी ने पूरे देश में 12 वीं रैंक हासिल कर पाने पिता का नाम रोशन किया, इनके पिता एक ऑटो ड्राइवर है इसके बावजूद आयशा ने कभी भी हार नहीं मानी...

TOP HARYANA: रीवा की आयशा अंसारी ने एमपी राज्य सेवा परीक्षा 2022 में 12वीं रैंक हासिल कर SDM बनने का सपना पूरा किया है। खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के यह सफलता हासिल की। 18 जनवरी को घोषित नतीजों में आयशा टॉपर्स की सूची में शामिल हैं। उनकी यह सफलता संघर्ष और मेहनत की मिसाल है।
आर्थिक तंगी के बावजूद बनीं एसडीएम
आयशा रीवा के अमहिया मोहल्ले की रहने वाली हैं। उनके पिता ऑटो चलाते हैं और इसी से परिवार का गुजारा होता है। घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आयशा के पास महंगी कोचिंग का विकल्प नहीं था। उन्होंने खुद से पढ़ाई की और अपनी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
असफलता से मिली प्रेरणा
आयशा ने इससे पहले दो बार राज्य सेवा परीक्षा दी थी, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। तीसरे प्रयास में उन्होंने न सिर्फ परीक्षा पास की, बल्कि 12वीं रैंक भी हासिल की।
परिवार से मिला सहयोग
आयशा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई शासकीय प्रवीण कुमारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से की। ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने राज्य सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। उनके माता-पिता ने पढ़ाई के लिए हमेशा उन्हें प्रेरित किया। आयशा बताती हैं कि उनके माता-पिता खुद ज्यादा पढ़ाई नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने बच्चों को पढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया।
आयशा की मां ने क्या कहा
आयशा की मां के मुताबिक, “उसने कभी कोई मांग नहीं की। वह पढ़ाई को लेकर हमेशा गंभीर रहती थी। उसके पिता उसे पढ़ाई के लिए हमेशा प्रेरित करते रहते थे।” आयशा की मां ने यह भी बताया कि उनकी बेटी ने कठिन परिस्थितियों में अपनी मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल की है।
युवाओं को दिया संदेश
आयशा का कहना है कि यदि आप मेहनत और लगन से कोई काम करें, तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि कठिनाइयों से घबराने के बजाय उनसे सीखना चाहिए। उनकी कहानी उन सभी के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। आयशा की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और आत्मविश्वास से हर सपना पूरा किया जा सकता है।