हरियाणा में आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर के 7 हजार पदों पर होगी भर्ती, मुख्यमंत्री सैनी ने दी मंजूरी

Top Haryana: हरियाणा सरकार ने आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर के 7 हजार से अधिक खाली पदों को भरने की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस भर्ती को हरी झंडी दिखा दी है। अब जल्द ही इन पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
राज्य में इस समय आंगनबाड़ी वर्करों के कुल 25 हजार 962 पद हैं, जिनमें से 2 हजार 549 पद खाली हैं। वहीं हेल्परों के कुल 25 हजार 450 पद हैं, जिनमें से 4 हजार 439 पद खाली पड़े हैं। यानी कुल मिलाकर 7 हजार 5 पदों पर लोग नहीं हैं, जिन्हें अब भरा जाएगा।
विधानसभा में उठाया गया था मुद्दा
इस विषय पर विधानसभा के बजट सत्र में कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने सवाल उठाया था। उन्होंने सरकार से पूछा था कि जिलेवार कितने पद स्वीकृत हैं, कितने भरे हुए हैं और कितने खाली हैं। साथ ही यह भी पूछा गया था कि खाली पद कब तक भरे जाएंगे। इस पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने जवाब देते हुए कहा था कि बहुत जल्द खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
यह भी पढ़ें- 10वीं पास युवाओं के लिए निकली सरकारी नौकरी, जानें योग्यता और आवेदन प्रकिया
इस वजह से रुकी हुई थी भर्ती
दरअसल भर्ती की प्रक्रिया काफी समय से अटकी हुई थी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने केंद्र सरकार के अगस्त 2022 के दिशा-निर्देशों को देखते हुए भर्ती के नए नियम बनाने थे। चयन प्रक्रिया तय न होने के कारण भर्तियों में देरी हो रही थी। अब जब मुख्यमंत्री ने मंजूरी दे दी है तो यह तय हो गया है कि साल 2025 में आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर के पद भर दिए जाएंगे।
सुपरवाइजरों की भर्ती भी रुकी
आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के 101 पद भी खाली हैं। इनकी भर्ती हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के जरिए होती है। विभाग ने दिसंबर 2022 और जून 2024 में आयोग को रिक्त पदों की मांग भेज दी थी। अब जैसे ही आयोग की तरफ से मंजूरी मिलती है, सुपरवाइजरों की भर्ती भी कर दी जाएगी।
डॉक्टरों की भी होगी भर्ती
हरियाणा में डॉक्टरों की भर्ती भी हो रही है। राज्य में 777 डॉक्टरों की भर्ती हुई थी, जिनमें से 531 ने जॉइन कर लिया था। अब वेटिंग लिस्ट में बचे डॉक्टरों को मौका दिया जाएगा। सरकार की योजना है कि 200 और डॉक्टर जल्द ही जॉइन करें। इन डॉक्टरों की बायोमेट्रिक और दस्तावेज जांच पूरी हो चुकी है। इससे स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
यह भी पढ़ें- Haryana news: युवाओं के लिए खुशखबरी, इस महीने में होगी CET परीक्षा, सिर्फ 15 दिन खुलेगा पोर्टल