Today Haryana Weather: हरियाणा में फिर सक्रिय होगा मानसून, कुछ जिलों में आज हल्की बारिश के आसार

Top Haryana: हरियाणा में शुक्रवार यानी आज 5 जिलों पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, करनाल और कुरुक्षेत्र में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं। यहां आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और मौसम कुछ हद तक ठंडा महसूस हो सकता है।
जींद, कैथल, भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, चरखी दादरी, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह और पलवल जैसे जिलों में आज और कल मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। तापमान सामान्य बना रहेगा और बारिश की संभावना कम है।
मानसून फिर से होगा सक्रिय
हिसार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ के अनुसार 16 सितंबर के बाद हरियाणा में एक बार फिर से मानसून सक्रिय होगा।
मानसून टर्फ (बारिश लाने वाली रेखा) अभी श्रीगंगानगर, बाराबंकी, बरेली, देहरी, पुरुलिया, दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती स्थिति) बना हुआ है जिससे नमी भरी हवाएं हरियाणा के तराई क्षेत्रों और हिमालय की तलहटी की ओर बढ़ेंगी। इसके कारण राज्य में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
किन जिलों में होगी बारिश?
16 सितंबर के बाद की जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इन जिलों में कभी-कभार तेज बारिश भी हो सकती है।
बाकी जिलों जैसे कि फतेहाबाद, सिरसा, हिसार, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, जींद, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल और नूंह में नमी बढ़ेगी और हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश की संभावना बनी रहेगी। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
अब तक की बारिश का हाल
इस बार हरियाणा में सामान्य से 44% ज्यादा बारिश हो चुकी है यानी इस साल मॉनसून अच्छा रहा है। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर जिले में दर्ज की गई है। सबसे कम बारिश सिरसा जिले में हुई है।