Haryana news: हरियाणा पुलिस में 13000 से ज्यादा पद खाली, विधानसभा सत्र में सामने आया खुलासा
Top Haryana news: राज्य में कानून व्यवस्था और पुलिस बल की स्थिति पर चर्चा के दौरान यह पता चला कि हरियाणा पुलिस विभाग में कुल 13 हजार 781 पद खाली हैं। यह जानकारी विधायक शीशपाल केहरवाला के एक अतारांकित सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी।
कांस्टेबल से लेकर डीआईजी तक के पद खाली
हरियाणा पुलिस में सबसे ज्यादा खाली पद कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल के हैं। आंकड़ों के अनुसार, कांस्टेबल के 7 हजार 233 और हेड कांस्टेबल के 4 हजार 864 पद रिक्त हैं। इसके अलावा पुलिस के उच्च पदों पर भी कमी है।
डीआईजी के 2, एसपी का 1, एएसपी के 5, डीएसपी के 24, इंस्पेक्टर के 73, सब इंस्पेक्टर के 736 और एएसआई के 843 पद खाली हैं। इससे साफ होता है कि राज्य पुलिस को अपनी पूरी क्षमता से काम करने के लिए पर्याप्त स्टाफ नहीं मिल पा रहा है।
जिलावार रिक्त पदों का ब्यौरा
विधायक शीशपाल केहरवाला ने सरकार से पुलिस विभाग में जिलावार और श्रेणीवार रिक्तियों की जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि डीआईजी के दो पद गुरुग्राम और सोनीपत में खाली हैं।
एसपी का एक पद सोनीपत में रिक्त है, जबकि एएसपी के पांच पद रेवाड़ी, कैथल, दादरी, भिवानी और नारनौल जिलों में खाली हैं। यह जानकारी राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की जरूरतों को दर्शाती है।
साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि राज्य सरकार ने साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए विशेष उपाय किए हैं। इन कदमों की वजह से साइबर धोखाधड़ी के मामलों में 50% की कमी आई है और गिरफ्तारी की औसत संख्या प्रति दिन 5 से बढ़कर 22 हो गई है।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी कई प्रयास किए गए हैं। राज्य भर में 33 महिला पुलिस थानों और 239 महिला हेल्प डेस्क का संचालन किया जा रहा है। डायल 112 सेवा में 1091 महिला हेल्पलाइन को जोड़ा गया है।
