Haryana today weather: हरियाणा में मानसून की रफ्तार बढ़ेगी, 10 अगस्त से होगी अच्छी बारिश, मौसम विभाग का अलर्ट

Top Haryana News: हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन लाल खीचड़ ने ताजा मौसम का अनुमान जारी किया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा फिरोजपुर, करनाल, मुरादाबाद, जलपाईगुड़ी और हिमालय की तलहटी के आस-पास बनी हुई है।
इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के आसपास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिसकी वजह से मानसून की गतिविधियां फिलहाल उत्तर हरियाणा को छोड़कर दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में कम बनी हुई हैं।
इस समय उत्तर हरियाणा के जिलों में हवाओं के साथ गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में केवल हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
10 अगस्त से मानसून होगा फिर से सक्रिय
डॉ. खीचड़ ने बताया कि 10 अगस्त से मानसून की सीमा नीचे आ जाएगी, जिससे पूरे हरियाणा में बारिश बढ़ने लगेगी। खासतौर पर 10 अगस्त की रात से 12 अगस्त के बीच राज्य के ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। इस दौरान वातावरण में नमी बढ़ेगी और दिन के तापमान में भी थोड़ी कमी आएगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने 15 जिलों में बारिश की संभावना जताई है जिनमें पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह शामिल हैं। इनमें पलवल और नूंह में भारी बारिश हो सकती है, जबकि बाकी जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है।
9 अगस्त को भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि 8 अगस्त को जींद, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। 9 अगस्त को इन जिलों समेत पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ में बारिश की संभावना है।
इसमें 25 से 50 प्रतिशत इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, भिवानी, हिसार और फतेहाबाद के 25 प्रतिशत हिस्सों में भी बारिश की संभावना बताई गई है।