Haryana Weather: हरियाणा में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में झमाझम बारिश, जानिए ताजा अपडेट

Top Haryana: हरियाणा में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। बीते कुछ दिनों से जहां भीषण गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही थी। अब कई जिलों में तेज हवाओं और झमाझम बारिश ने राहत दी है। मौसम विभाग ने हरियाणा के लिए ताजा अपडेट जारी किया है और बताया है कि राज्य के कई हिस्सों में मानसून ने दस्तक दे दी है।
12 जिलों में पहुंचा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार अब तक हरियाणा के 12 जिलों में मानसून पहुंच चुका है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, कैथल, जींद, सिरसा, फतेहाबाद और हिसार शामिल हैं। इन जिलों में बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस से राहत मिली है।
अभी भी 10 जिलों में मानसून का इंतजार है। भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पलवल, नूंह, फरीदाबाद, रोहतक और झज्जर में अब भी बारिश का इंतजार बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में पूरे हरियाणा में मानसून छा जाएगा।
इस बार मानसून की चाल कुछ अलग
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन के अनुसार इस बार मानसून की चाल पिछले वर्षों से अलग है। आमतौर पर हरियाणा में पहले मानसून उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में आता है और फिर पश्चिमी हिस्सों में पहुंचता है। इस बार पश्चिमी जिलों में पहले बारिश देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि इस बदलाव के पीछे वातावरण में चल रही मौसमी गतिविधियां जिम्मेदार हैं।
दिन में राहत, रात में उमस बनी हुई
राज्य में ज्यादातर स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली है। लेकिन रात का तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर है, जिससे उमस बनी हुई है। पूर्वी दिशा से आ रही नम हवाओं की वजह से वातावरण में नमी बढ़ रही है जो उमसभरी गर्मी का कारण बन रही है।
आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा और बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी। जिन जिलों में अब तक बारिश नहीं हुई है वहां भी जल्द ही बूंदाबांदी शुरू हो सकती है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखें और सावधानी बरतें।