Haryana Weather: हरियाणा के कई जिलों में 14 से 16 अगस्त तक बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने दी जानकारी

Top Haryana: हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के प्रमुख डॉक्टर मदन लाल खीचड़ ने राज्य में होने वाली बारिश को लेकर ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी किया है।
उन्होंने बताया कि इस समय मानसून की टर्फ रेखा भटिंडा, पटियाला, देहरादून और अरुणाचल प्रदेश की हिमालयी पहाड़ियों के पास से गुजर रही है। यह टर्फ रेखा धीरे-धीरे दक्षिण की ओर खिसक रही है जिससे मानसून की सक्रियता में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है और बारिश की संभावना बढ़ सकती है।
13 अगस्त को कुछ इलाकों में हल्की बारिश
13 अगस्त यानी आज के दिन, हरियाणा के उत्तरी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में भी कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति मानसून टर्फ की हलचल और बंगाल की खाड़ी की ओर से आने वाली नम हवाओं के कारण बनी हुई है।
14 से 16 अगस्त तक पूरे प्रदेश में बरसात की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 14 अगस्त से लेकर 16 अगस्त तक हरियाणा के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान नमी में इजाफा होगा और तापमान में भी हल्की गिरावट आने की संभावना है। यानी मौसम थोड़ा ठंडा और आरामदायक हो सकता है।
जिलावार बारिश का अलर्ट
14 अगस्त को इन जिलों में होगी बारिश
अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है, जबकि बाकी जिलों में मौसम आमतौर पर साफ रहने की संभावना है।
15 अगस्त को इन जिलों में होगी बारिश
इस दिन अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत में बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। यहां भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है।
16 अगस्त को इन जिलों में होगी बारिश
अंबाला, यमुनानगर, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश का येलो अलर्ट है। इन जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना है।