Haryana news: हिसार की पूर्व सरपंच ज्योति बनीं असिस्टेंट टेक्निकल डायरेक्टर, देशभर में तीसरी रैंक हासिल कर रच दिया इतिहास
Top Haryana: हिसार जिले के गामड़ा गांव की पूर्व महिला सरपंच ज्योति ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से कोई भी मंजिल पाई जा सकती है।
ज्योति को विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थान (Institute of Science and Technology) में असिस्टेंट टेक्निकल डायरेक्टर (सहायक तकनीकी निदेशक) के पद पर नियुक्त किया गया है।
यह पद हासिल करने के लिए उन्होंने साल 2023 में परीक्षा दी थी और हाल ही में आए रिजल्ट में उन्होंने पूरे भारत में तीसरी रैंक प्राप्त की है।
गांव में खुशी की लहर
ज्योति की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। गांववाले बधाई देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि यह पूरे गांव और जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि बेटियां अब किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और कठिन मेहनत से हर मुकाम हासिल कर सकती हैं।
सरपंच रहते भी नहीं रुकी पढ़ाई
ज्योति इससे पहले राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) में विज्ञान तकनीकी सहायक के रूप में कार्यरत थीं। खास बात यह है कि जब वह गांव की सरपंच थीं उसी दौरान उन्होंने यह नौकरी हासिल की थी।
इसके बाद वह पिछले तीन सालों से हिसार में सेवा दे रही थीं। सरपंच रहते हुए उन्होंने गांव में कई विकास कार्य कराए और खूब तारीफें बटोरीं।
सफलता का श्रेय मेहनत और लगन को दिया
ज्योति ने अपनी सफलता का राज बताते हुए कहा कि उन्होंने नौकरी और सरपंच के काम के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखी। उन्होंने कहा कि यदि किसी लक्ष्य को पाने का ठान लिया जाए और पूरी मेहनत व लगन से कोशिश की जाए तो सफलता ज़रूर मिलती है।
