Haryana news: महाभारत की थीम पर होंगे शहर के सभी चौराहों के नाम, सीएम नायब सैनी ने दिए निर्देश

Top Haryana: हरियाणा के पवित्र शहर कुरुक्षेत्र में अब सभी चौराहों के नाम बदले जाएंगे। ये सभी नाम महाभारत की थीम पर रखे जाएंगे। यह फैसला हरियाणा कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की 82वीं बैठक में लिया गया। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह निर्देश दिए। बैठक की अध्यक्षता राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने की।
बैठक में कुरुक्षेत्र के विकास से जुड़ी कई अहम योजनाओं पर चर्चा की गई। इसमें सीएम नायब सिंह सैनी के साथ गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, विधायक अशोक अरोड़ा और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और गृह सचिव सुमिता मिश्रा समेत कई विभागों के उच्च अधिकारी भी इस बैठक में शामिल हुए।
यह भी पढ़ें- Haryana news: इन बिजली उपभोक्ताओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से और अधिक विकसित किया जाएगा। उन्होंने खास तौर पर यह निर्देश दिए कि शहर के सभी चौराहों के नाम महाभारत के पात्रों और घटनाओं के आधार पर रखे जाएं। इससे शहर की धार्मिक पहचान और मजबूत होगी और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी आकर्षण मिलेगा।
बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि आने वाले समय में पर्यटकों को कुरुक्षेत्र की 44 कोस की परिक्रमा ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) बसों के जरिए कराई जाएगी। यह परिक्रमा धार्मिक महत्व की है, जिसमें बहुत से पवित्र स्थल आते हैं। इस योजना से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और पर्यावरण को भी नुकसान नहीं होगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए कुरुक्षेत्र में जगह-जगह वाटर फिल्टर लगाए जाएंगे, ठीक वैसे ही जैसे अमृतसर के हरमंदिर साहब में लगे हुए हैं। इससे आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को साफ और ठंडा पानी आसानी से मिल सकेगा।
यह बैठक कुरुक्षेत्र के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए बहुत महत्वपूर्ण रही। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े फैसले लिए गए हैं। महाभारत की थीम पर आधारित चौराहों के नामकरण और पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाने जैसे कदमों से उम्मीद है कि कुरुक्षेत्र एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में और अधिक प्रसिद्ध होगा।
यह भी पढ़ें- Haryana news: हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल का तीसरा दिन, इन रूटों पर नहीं चलेंगी बसें