Haryana Weather: हरियाणा में बारिश का दौर जारी, 5 अगस्त तक खराब मौसम की चेतावनी

Haryana Weather: हरियाणा में बारिश का दौर जारी है। आइए जानें आने वाले दिनों कहां कितनी होगी बारिश...
 

Top Haryana: हरियाणा में इन दिनों मौसम पूरी तरह बदल गया है। कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है और आने वाले दिनों में भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के अनुसार, 5 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा और अधिकतर जिलों में मध्यम से तेज बारिश देखने को मिलेगी।

किन जिलों में तेज बारिश की चेतावनी?
मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं अंबाला और फतेहाबाद के जाखल में बारिश हो रही है, जबकि महेंद्रगढ़ और जींद में हल्की बूंदाबांदी हो रही है। गुरुवार को हिसार, गुरुग्राम, पानीपत, फरीदाबाद और सोनीपत में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

अगले 3 दिन का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन दिन हरियाणा के लिए खास हो सकते हैं क्योंकि बारिश का असर लगभग सभी जिलों में दिखेगा।

2 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम?
इस दिन यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में हल्की बारिश की संभावना है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, भिवानी, पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

3 अगस्त को कहां-कहां हो सकती है बारिश?
इस दिन अंबाला, यमुनानगर और करनाल जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। सिरसा, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक और झज्जर में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा पंचकूला, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है।

4 और 5 अगस्त का पूर्वानुमान
4 अगस्त को अंबाला और यमुनानगर में तेज बारिश हो सकती है। अंबाला, यमुनानगर, फरीदाबाद, मेवात और पलवल जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

5 अगस्त तक प्रदेश में मानसून एक्टिव रहेगा। हिसार विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, मानसून की टर्फ रेखा अभी उत्तर दिशा में बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली हवाएं आ रही हैं जिससे राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है।