Haryana News: हरियाणा में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में तेज बारिश के आसार
Top Haryana: हरियाणा में मौसम एक बार फिर बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है और आने वाले कुछ दिनों में कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। इससे किसानों और आम लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
सोमवार सुबह से ही हरियाणा में मौसम में बदलाव देखने को मिला है। मौसम विभाग ने यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ तेज बारिश भी हो सकती है। पंचकूला में बूंदाबांदी शुरू हो चुकी है। वहीं कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
तीन घंटे का अलर्ट जारी
चंडीगढ़ मौसम विभाग ने सोमवार सुबह इंद्री, रादौर, नीलोखेड़ी, थानेसर, पिहोवा, अंबाला, कालका, नारायणगढ़, पंचकूला जैसे इलाकों के लिए तीन घंटे का अलर्ट जारी किया है। इन जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
25 जुलाई तक बारिश की संभावना
हिसार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 25 जुलाई तक हरियाणा के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। इस दौरान मौसम में नमी बनी रहेगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
21 से 24 जुलाई तक का पूर्वानुमान
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल जिलों में 75 से 100 प्रतिशत क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद जैसे जिलों में 50 से 75 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश हो सकती है। सिरसा, फतेहाबाद, महेंद्रगढ़ में 25 प्रतिशत एरिया में बारिश की संभावना है।
22 जुलाई को अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है।
23 और 24 जुलाई का पूर्वानुमान
9 जिलों जैसे पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, सिरसा आदि में 25 से 50 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश हो सकती है। शेष जिलों में 25 प्रतिशत क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना है।