Lado Laxmi Scheme: हरियाणा सरकार देगी महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये, जानें कैसे उठाए लाभ
Top Haryana: मुख्यमंत्री नायब सैनी 25 सितंबर को पंचकूला में इस योजना की औपचारिक शुरुआत करेंगे। यह कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। इसी मौके पर "लाडो लक्ष्मी योजना पोर्टल" भी लॉन्च किया जाएगा जिसके जरिए महिलाएं इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।
हर महीने मिलेंगे 2100 रुपये
इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। पहली किस्त 1 नवंबर, हरियाणा दिवस के दिन लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में डाली जाएगी। इसके बाद हर महीने यह राशि मिलती रहेगी। योजना की शुरुआत पहले चरण से की जा रही है जिसमें राज्य की गरीब महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा।
पहले चरण में एक लाख रुपये तक आय वाले परिवारों को मिलेगा लाभ
लाडो लक्ष्मी योजना का पहला चरण उन परिवारों की महिलाओं के लिए है जिनकी सालाना आय एक लाख रुपये तक है। इस चरण में कुल 20 लाख 97 हजार 256 महिलाओं को लाभ मिलेगा। इनमें 18 लाख 14 हजार 621 विवाहित महिलाएं हैं और 2 लाख 82 हजार 635 अविवाहित महिलाएं शामिल हैं।
योजना के चार चरणों में होगा विस्तार
राज्य सरकार की योजना है कि इस योजना को धीरे-धीरे और अधिक महिलाओं तक पहुंचाया जाए। इसलिए इसे चार चरणों में लागू किया जाएगा।
पहले चरण में एक लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवार।
दूसरे चरण में 1 लाख से 1.80 लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवार।
तीसरे चरण में 1.80 लाख से 3 लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवार।
चौथे चरण में 3 लाख से 5 लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवार।
सरकार का अनुमान है कि तीसरे चरण तक आते-आते लगभग 46 लाख 62 हजार महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल सकेगा। जबकि चौथे चरण में करीब 7 लाख और महिलाएं इस योजना के दायरे में आएंगी। चौथे चरण को साल 2028-29 तक शुरू करने की योजना है।
महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने की पहल
लाडो लक्ष्मी योजना का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। यह योजना खासकर गरीब और निम्न आय वर्ग की महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत साबित हो सकती है। सरकार का कहना है कि समय के साथ योजना के दायरे और लाभ को और बढ़ाया जाएगा।