Haryana news: हरियाणा युवा कांग्रेस को मिला नया अध्यक्ष, नितिश कटारिया को सौंपी गई जिम्मेदारी
Top Haryana: हरियाणा कांग्रेस संगठन को फिर से मजबूत करने की कोशिशों के बीच पार्टी ने प्रदेश युवा कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुन लिया है। नितिश कटारिया को हरियाणा युवा कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नितिश पूर्व खेल मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखबीर कटारिया के बेटे हैं। इसके साथ ही वे बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के दामाद भी हैं। उनकी नियुक्ति से कांग्रेस को युवा नेतृत्व के रूप में एक नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
सबसे ज्यादा वोट पाने वाले बने अध्यक्ष
युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों के नाम पैनल में शामिल थे नितिश कटारिया, सोमिल संधू और मोहित शर्मा। इनमें सबसे ज्यादा 29 हजार 893 वोट नितिश कटारिया को मिले।
सोमिल संधू को 12 हजार 949 और मोहित शर्मा को 7 हजार 519 वोट मिले। नतीजों के आधार पर नितिश को प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि सोमिल संधू और मोहित शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने जारी किए आदेश
हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान सिंह ने नितिश कटारिया की नियुक्ति के आदेश जारी किए। इसके बाद नवनियुक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दिल्ली पहुंचे जहां उन्होंने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा से मुलाकात की। हुड्डा ने सभी को बधाई दी और उनके उज्जवल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं नितिश
नितिश कटारिया ने साल 2012 में छात्र संगठन NSUI से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि उनके लिए राजनीति कोई पद पाने का साधन नहीं बल्कि समाज सेवा का जरिया है।
उन्होंने बताया कि वे इस जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएंगे और युवाओं के हितों के लिए पूरी मजबूती से काम करेंगे।
युवाओं को कांग्रेस से जोड़ना मुख्य लक्ष्य
नितिश का कहना है कि उनका सबसे बड़ा उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं को कांग्रेस पार्टी से जोड़ना है। वे चाहते हैं कि युवाओं को राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिले और उनकी आवाज सुनी जाए। वे संगठन को हर स्तर पर मजबूत करने की दिशा में लगातार काम करते रहेंगे।
कांग्रेस में दिखी नई ऊर्जा
नितिश की नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि युवा नेतृत्व के आने से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
आने वाले समय में नितिश कटारिया की भूमिका हरियाणा कांग्रेस की रणनीति और युवाओं की भागीदारी को तय करने में अहम होगी।