Haryana Weather Today: हरियाणा में मानसून फिर हुआ सक्रिय, 20 जिलों में बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में जलभराव की स्थिति

Haryana Weather Today: हरियाणा में एक बार फिर मानसून एक्टिव हो गया है और मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 20 जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है...
 

Top Haryana: विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत में मानसून टर्फ एक बार फिर सक्रिय हो गया है जिससे हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिल रही है।

इसके चलते नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। खासतौर पर यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, हिसार, भिवानी और फतेहाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है।

फसलें डूबने की कगार पर

लगातार हो रही बारिश का सबसे बड़ा असर कृषि पर पड़ा है। बीते 10 दिनों से बारिश रुक-रुक कर जारी है जिससे खेतों में खड़ी धान और कपास की फसलें पानी में डूब चुकी हैं।

इससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, भिवानी, हिसार और फतेहाबाद के कई गांवों में जलभराव की वजह से घरों में भी पानी घुस गया है।

अरब सागर से आ रही नमी बढ़ा रही बारिश की संभावना

हिसार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. मदनलाल खीचड़ के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लेकर उत्तर और मध्य भारत तक मानसून ट्रफ लाइन सक्रिय है।

इसके साथ ही राजस्थान और पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिससे अरब सागर से नमी भरी हवाएं हरियाणा की ओर आ रही हैं। इसी वजह से राज्य में बारिश की संभावना लगातार बनी हुई है।

8 सितंबर का मौसम पूर्वानुमान

8 सितंबर को हरियाणा के 10 जिलों कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, भिवानी, सिरसा, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल और नूंह में बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं जींद, हिसार, रोहतक, फतेहाबाद, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, झज्जर, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में हल्की बारिश हो सकती है। इन इलाकों में मौसम आंशिक रूप से बादल भरा रहेगा।

9 सितंबर को यलो अलर्ट

9 सितंबर को मौसम विभाग ने यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

जबकि चरखी दादरी, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, गुरुग्राम और नूंह में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं जींद, पलवल, पंचकूला, रोहतक, फरीदाबाद, कैथल, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

राज्य में सामान्य से अधिक वर्षा

गौरतलब है कि इस बार हरियाणा में अब तक सामान्य से 47% ज्यादा वर्षा दर्ज की जा चुकी है। सबसे अधिक वर्षा यमुनानगर, पंचकूला और महेंद्रगढ़ जिलों में दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 सितंबर तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा और कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।