Haryana Weather Today: हरियाणा में भारी बारिश का अलर्ट, अगले 72 घंटे सावधानी जरूरी, जानें मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट

Haryana Weather Today: हरियाणा में भारी बारिश के चलते हालात बहुत ज्यादा खराब है, आइए जानें आने वाले 72 घंटों में किन जगहों पर होगी सबसे ज्यादा बारिश...
 

Top Haryana: उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर अब हरियाणा और पंजाब जैसे मैदानी राज्यों में देखने को मिल रहा है। कई जिलों में भारी बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

हरियाणा के शाहाबाद क्षेत्र में मारकंडा नदी उफान पर है और यहां करीब 25 हजार क्यूसेक पानी बह रहा है। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

बरसात ने तोड़ा रिकॉर्ड

इस साल हरियाणा में मानसून सीजन में औसतन 426.5 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार अब तक 24% ज्यादा बारिश हो चुकी है। राज्य में अब तक 344.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। लगातार हो रही बारिश ने कई क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी है।

30 अगस्त को 13 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 30 अगस्त को हरियाणा के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। यमुनानगर, मेवात, अंबाला और पलवल में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

31 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश की संभावना

31 अगस्त को भी हरियाणा के अधिकतर जिलों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद और भिवानी में 25 से 50% बारिश की संभावना है।

पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, रोहतक, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में 50 से 75% बारिश हो सकती है। वहीं, सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, फरीदाबाद और पलवल में 75 से 100% तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

1 सितंबर को भी बरसात का सिलसिला जारी रहेगा

1 सितंबर को भी हरियाणा में बारिश का दौर थमने के आसार नहीं हैं। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में बारिश को लेकर फिर से अलर्ट जारी किया गया है।

सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में 25 से 50% जबकि भिवानी, रोहतक और जींद में 50 से 75% बारिश की संभावना है। वहीं यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर और गुरुग्राम जैसे जिलों में 75 से 100% तक भारी बारिश हो सकती है।

निवासियों से सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे आने वाले कुछ दिनों तक सावधानी बरतें। नदी-नालों के पास न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी किए गए निर्देशों का पालन करें। बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में बिजली, जल निकासी और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।