Haryana news: हरियाणा के इस जिले में दो नाबालिग लड़कियों के अपहरण का मामला, पुलिस जांच में जुटी

Haryana news: हरियाणा के इस जिले में दो लड़कियों के किडनेप करने का मामला सामने आया है, आइए जानें पूरी खबर विस्तार से...
 

Top Haryana: जींद जिले में अलग-अलग स्थानों से दो नाबालिग लड़कियों के कथित अपहरण के मामले सामने आए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव और कॉलोनी के लड़कों ने उनकी बेटियों को बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया और उन्हें अज्ञात स्थानों पर बंधक बना लिया।

पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उचाना में 15 वर्षीय लड़की का अपहरण
पहला मामला उचाना थाना क्षेत्र के एक गांव से सामने आया। यहां एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी 15 वर्षीय बेटी को 9 जुलाई की रात गांव के ही एक लड़के विकास ने बहला-फुसलाकर भगा लिया।

महिला का आरोप है कि विकास के साथ उसका दोस्त गोलू भी था। जिसने इसमें उसका साथ दिया। दोनों ने मिलकर उसकी बेटी को अज्ञात स्थान पर ले जाकर बंधक बना लिया।

महिला ने पुलिस से अपील की और कहा कि उसकी बेटी को जल्द से जल्द वापस लाया जाए। उचाना थाना पुलिस ने इस मामले में विकास और गोलू के खिलाफ अपहरण और बंधक बनाने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।

जींद शहर में 17 वर्षीय लड़की का अपहरण
दूसरा मामला जींद शहर की एक कॉलोनी से सामने आया है। यहां की एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी कि उनके कॉलोनी का लड़का दीपक उनकी 17 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया।

महिला ने बताया कि दीपक ने उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर रात में घर से भगा लिया। जब वह सुबह सोकर उठे तो उनकी बेटी घर पर नहीं मिली। महिला ने अपने स्तर पर कई जगहों पर उसकी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

इसके बाद महिला ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। शहर थाना पुलिस ने दीपक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस कार्रवाई और जांच
इन दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की घोषणा की है। दोनों मामलों में अपहरण, बंधक बनाने और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है और दोनों नाबालिग लड़कियों की तलाश भी जारी है।