Haryana news: राखीगढ़ी में 20 करोड़ की तीन विकास परियोजनाओं का सीएम सैनी ने किया लोकार्पण, जानें पूरी खबर
Top Haryana: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हिसार जिले के राखीगढ़ी में 20 करोड़ रुपये की लागत से बनी तीन नई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। ये परियोजनाएं विश्रामगृह (रेस्ट हाउस), छात्रावास (हॉस्टल) और कैफेटेरिया हैं। ये सभी सुविधाएं ऐतिहासिक राखीगढ़ी संग्रहालय और व्याख्यान केंद्र में बनाई गई हैं।
इस खास मौके पर केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने मिलकर राखीगढ़ी पर तैयार की गई एक जानकारीपूर्ण पुस्तिका का भी विमोचन किया।
यह भी पढ़ें-Haryana news: हरियाणा कौशल रोजगार निगम में बदली चयन प्रक्रिया, अब इस तरीके से मिलेगी नौकरी
मुख्यमंत्री की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नई सुविधाओं से देश और विदेश से आने वाले पर्यटकों और छात्रों को बेहतर सुविधा मिलेगी। 17 कमरों वाला रेस्ट हाउस पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस है। वहीं हॉस्टल में विद्यार्थियों के लिए 13 डोरमैट्री (सामूहिक कमरे) बनाए गए हैं और भोजन के लिए एक बड़ा डाइनिंग हॉल भी है।
इस मौके पर एक खास प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें राखीगढ़ी की खुदाई से मिली हड़प्पा सभ्यता की वस्तुएं दिखाई गईं। इनमें बच्चों के खिलौने, मिट्टी के दीये, मनके, माला और छकड़ा गाड़ी का पहिया जैसी चीजें शामिल थीं। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने इस प्रदर्शनी को देखा और विभाग की सराहना की।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की, जिसमें राखीगढ़ी को एक प्रमुख पर्यटन स्थल और शोध केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि संग्रहालय और व्याख्यान केंद्र का काम जल्द पूरा किया जाए और खुदाई स्थलों पर छायादार शेड बनाए जाएं ताकि उत्खनन सालभर चलता रहे। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए म्यूजियम को खुदाई स्थल से जोड़ा जाए और पार्किंग, रोशनी जैसी सुविधाएं विकसित की जाएं।
केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा
पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि राखीगढ़ी में खुदाई से यह प्रमाणित होता है कि यह स्थान करीब 8 हजार साल पुरानी सभ्यता का केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि यहां की खुदाई से भारत की प्राचीन और समृद्ध सभ्यता के प्रमाण मिलते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हिसार के अग्रोहा सहित अन्य पुरातात्विक स्थलों को जोड़कर सिंधु-सरस्वती सभ्यता का एक बड़ा केंद्र बनाया जाएगा और आने वाले दो वर्षों में यह काम पूरा किया जाएगा।
इस मौके पर कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे, जिनमें विधायक श्री विनोद भ्याणा, श्री रणधीर पनिहार, पूर्व सांसद डीपी वत्स, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, विरासत विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती कला रामचंद्रन और पुरातत्व विभाग के निदेशक श्री अमित खत्री शामिल थे।
यह भी पढ़ें- Haryana news: हरियाणा में पंच और सरपंच के उपचुनाव की तारीखों का ऐलान, इस महीने में होंगे चुनाव