Ahmedabad Plane Crash: 265 शव बरामद, 241 विमान में सवार थे, DNA से होगी पहचान, जानें कैसे हुआ हादसा
Top Haryana, Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में गुरुवार को हुए प्लेन हादसे में अब तक 265 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से 241 लोग उस फ्लाइट में सवार थे जो एयर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (AI-171) थी और अहमदाबाद से लंदन जा रही थी।
हादसे में जान गंवाने वालों में फ्लाइट के यात्री और क्रू मेंबर शामिल हैं। इसके अलावा 5 लोग उस मेडिकल हॉस्टल से थे जिस पर विमान गिरा। हादसा अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर हुआ था, जहां उस समय 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक 4 एमबीबीएस छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी की मौत हुई है। हालांकि हॉस्टल में कुल कितने लोग मारे गए इसका पता लगना अभी बाकी है।
पीएम मोदी ने किया घटनास्थल का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने हादसे वाली जगह का दौरा किया और फिर सिविल अस्पताल में जाकर पीड़ितों से मिले। पीएम करीब 10 मिनट अस्पताल में रुके और अधिकारियों से जानकारी ली। हादसे के बाद प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
कैसे हुआ हादसा
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के दो मिनट बाद ही विमान हादसे का शिकार हो गया और बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर गिर गया। हादसे में कुल 230 यात्रियों की जान गई, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक थे। इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। फ्लाइट में कुल 12 क्रू मेंबर भी सवार थे। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई है। इस भयानक दुर्घटना में सिर्फ एक यात्री की जान बची है।
शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट
हादसे में शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। इसलिए अब शवों की पहचान के लिए DNA सैंपलिंग की जा रही है। सिविल अस्पताल में शव लाए गए हैं और वहां सैंपल लेकर परीक्षण किया जा रहा है।
ब्लैक बॉक्स मिला, जांच में मदद मिलेगी
फ्लाइट के मलबे में ब्लैक बॉक्स का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर भी बरामद कर लिया गया है। इससे जांच में बड़ी मदद मिलेगी और यह पता चल सकेगा कि आखिर हादसे की वजह क्या थी। फिलहाल, हादसे की जांच के लिए NSG की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और अहमदाबाद पुलिस भी स्निफर डॉग्स के साथ मलबे की तलाशी ले रही है।
एयर इंडिया ने खोले हेल्प सेंटर
एयर इंडिया ने मृतकों के परिजनों की मदद के लिए अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गैटविक एयरपोर्ट पर हेल्प सेंटर बनाए हैं। भारत में मदद के लिए 1800 5691 444 और विदेश से 8062779200 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- Haryana news: किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, इस बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में जमीन देने पर मिलेगा 5 गुना मुआवजा